भीषण गर्मी का कहर: हल्द्वानी में बढ़े डिहाइड्रेशन व डायरिया के मरीज, अस्पतालों में लगी भीड़

Spread the love

हल्द्वानी: कुमाऊं की तलहटी हल्द्वानी में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ नजर आने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और चल रही लू के कारण डिहाइड्रेशन, डायरिया सहित विभिन्न मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों तक मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी दबाव बढ़ने लगा है।

चिकित्सकों के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों में पानी की कमी, उल्टी-दस्त, बुखार और कमजोरी जैसी समस्याएं अधिक देखने को मिल रही हैं। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर ज्यादा पड़ रहा है और अस्पतालों में इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पंत ने बताया कि वर्तमान समय में हीटवेव और लू के चलते बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है। उन्होंने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए नियमित रूप से पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें और विशेष रूप से बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखें, ताकि गर्मी के इस प्रकोप से बचा जा सके।

हरीश पंत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *