पुलभट्टा: उत्तराखंड में चल रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक अभियुक्त को 129 ग्राम अवैध हीरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हीरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 38 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के निर्देशों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में की गई।
कुमाऊं यूनिट की एएनटीएफ टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी महेश मौर्य पुत्र रोशन लाल निवासी चौनडेरा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 129 ग्राम हीरोइन और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरेली के कुछ लोगों के संपर्क में था और कम दाम में हीरोइन खरीदकर कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचता था। फिलहाल एसटीएफ द्वारा आरोपी के नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, जिससे नशा तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न जैसे कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और इसरार अहमद के साथ पुलभट्टा थाना पुलिस टीम के एसओ प्रदीप मिश्रा, एसआई दिनेश चंद्र भट्ट और आरक्षी गजेंद्र सिंह शामिल रहे।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें। विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 पर दी गई सूचना गोपनीय रखी जाएगी। अभियान के तहत राज्यभर में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
