हल्द्वानी में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग ब्लॉक के सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अब इन क्षेत्रों के सभी स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएंगी, ताकि बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी और लू से बचाया जा सके। प्रशासन का यह निर्णय अभिभावकों और छात्रों को राहत देने वाला माना जा रहा है।
वहीं, जनपद के अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में स्कूलों का समय पूर्व निर्धारित अनुसार ही जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि गर्मी का प्रकोप आगे भी जारी रहता है, तो परिस्थितियों के अनुसार अन्य आवश्यक निर्णय भी लिए जा सकते हैं।

