हल्द्वानी। नगर निकाय चुनाव के बाद नव निर्वाचित महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शुक्रवार को रामलीला मैदान में भव्य समारोह में शपथ ग्रहण की। उनके साथ नगर निगम के 60 वार्डों के पार्षदों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
महापौर को कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण करवाई। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री और प्रभारी मंत्री रेखा आर्य, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत और विधायक नैनीताल सरिता आर्य समेत कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और नगर निगम के अधिकारियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं के सुधार के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी पार्षदों और नागरिकों से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर महापौर ने जल संरक्षण, स्वच्छता और यातायात सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही। समारोह के अंत में सभी गणमान्य व्यक्तियों ने महापौर को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।