हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम को प्रभावी रूप से लागू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे की पहल के बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है।
नियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ संबंधी जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार इसकी निगरानी कर रही हैं ताकि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
इसके साथ ही नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी और बाइक रेंटल सेवाओं से जुड़े प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन सूचना बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों और वाहन चालकों को पहले से ही नियमों की जानकारी दी जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सके।
आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में हेलमेट न पहनने के कारण मौत और गंभीर चोटों के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लागू किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनपद में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
