हल्द्वानी। 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की सुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए पूरे जिले को दो जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र को एक सेक्टर घोषित करते हुए वहां जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत संबंधित अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस वर्ष जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें, बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों की निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने दोहराया कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी सौरभ असवाल, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, सिटी कोऑर्डिनेटर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सभी परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक मौजूद रहे।
