हल्द्वानी। नैनीताल में अवैध रूप से संचालित टैक्सी और बाइक रेंटल सेवाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कुमाऊं कमिश्नर और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने ऐसे संचालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अरविंद पांडे ने बताया कि लंबे समय से अवैध टैक्सी और बाइक रेंटल संचालकों की मनमानी तथा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
आरटीओ के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 70 से अधिक चालान किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में जांच और सख्त की जाएगी। बिना वैध अनुमति, आवश्यक दस्तावेज या परिवहन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और जिले की परिवहन व्यवस्था को भी बेहतर बनाना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या संचालक को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
आरटीओ हल्द्वानी
