हल्द्वानी। मानसून की दस्तक के साथ हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग पर एक बार फिर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान गोला नदी के तेज बहाव से चोरगलिया रोड का एप्रोच मार्ग धंस गया था, जिससे यातायात कई दिनों तक प्रभावित रहा और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
तत्कालीन स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सड़क के दूसरी ओर भरान कर मार्ग को अस्थायी रूप से चालू तो कर दिया, लेकिन स्थायी मरम्मत का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में बरसात का मौसम शुरू होते ही लोगों की चिंता फिर बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहाड़ों में लगातार बारिश हुई और गोला नदी का जलस्तर बढ़ा तो अधूरा पड़ा एप्रोच रोड दोबारा धंस सकता है, जिससे हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित होने की आशंका है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभागों से बरसात के दौरान किसी बड़े हादसे या यातायात बाधित होने की स्थिति से पहले ही स्थायी मरम्मत कार्य पूरा कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो विभागीय लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ सकता है।

