हल्द्वानी: 24 घंटे का रेड अलर्ट, गौला नदी उफान पर; प्रशासन हाई अलर्ट पर

Spread the love

हल्द्वानी। उत्तराखंड में अगले 24 घंटों के दौरान नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में अत्यधिक भारी बारिश (रेड अलर्ट) का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

कुमाऊं मंडल के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं, ताकि आपदा की स्थिति में बंद मार्गों को तत्काल खोला जा सके।

लगातार हो रही बारिश के कारण गौला नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल नदी का डिस्चार्ज करीब 10,000 क्यूसेक के आसपास पहुंच गया है, जिसके चलते नदी से सटे निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।

अधिकारियों के अनुसार यदि अगले 24 घंटों के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहता है, तो गौला नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

मौसम के पूर्वानुमान को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं कमिश्नर ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *