हल्द्वानी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल बैठक आयोजित की। बैठक में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से प्रतिभाग किया और मंडल के सभी जिलों में चल रहे अभियान की समीक्षा की।
बैठक के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि कुमाऊं मंडल में चम्पावत और अल्मोड़ा जनपदों में 100 प्रतिशत फॉर्म संग्रहण पूरा हो चुका है, जबकि बागेश्वर में 99.7 प्रतिशत, पिथौरागढ़ में 99.6 प्रतिशत तथा नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 98.5 प्रतिशत फॉर्म एकत्र किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ प्रपत्र अभी भी ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में हैं। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बीएलओ को स्पष्ट निर्देश जारी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का फॉर्म केवल लापरवाही के कारण लंबित न रह जाए। प्रशासन प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि किसी भी नागरिक का नाम गलती से मतदाता सूची से न कटे और उसका मतदान का अधिकार सुरक्षित रहे।
कुमाऊं आयुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की कि जिन लोगों ने बीएलओ से गणना प्रपत्र प्राप्त कर लिया है लेकिन अभी तक उसे जमा नहीं किया है, वे बिना देरी किए अपना फॉर्म संबंधित बीएलओ को सौंप दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
