पीएसपी हॉस्पिटल मामले की जांच तेज, एडीएम की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी मौत के कारणों की पड़ताल

Spread the love

हल्द्वानी। पीएसपी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान बागेश्वर के मंडलसेरा निवासी 65 वर्षीय प्रेम गिरी की मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। परिजनों द्वारा निजी अस्पताल पर लगाए गए आरोपों के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अध्यक्षता में एक संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है।

समिति में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी हल्द्वानी तथा मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल द्वारा नामित हृदय रोग विशेषज्ञ को सदस्य बनाया गया है। गठित समिति मृतक के उपचार, ऑपरेशन और चिकित्सीय प्रबंधन से संबंधित सभी अभिलेखों की जांच करेगी। साथ ही उपचार के दौरान अपनाई गई चिकित्सा प्रक्रियाओं और निर्धारित मानकों का परीक्षण भी किया जाएगा।

जांच के दौरान परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों का सत्यापन किया जाएगा और अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रचलित नियमों, मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन की भी समीक्षा होगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो उसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों का उत्तरदायित्व भी निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव और संस्तुतियां भी समिति द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस प्रकरण से संबंधित कोई जानकारी, साक्ष्य, मौखिक या लिखित बयान उपलब्ध हो तो वह सूचना प्रकाशन की तिथि से सात दिनों के भीतर जांच समिति के किसी भी सदस्य अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से भी उपलब्ध करा सकता है। प्रशासन का कहना है कि प्राप्त सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जांच प्रक्रिया में शामिल कर निष्पक्ष एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *