
किच्छा । उत्तराखंड सरकार के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्यवाहियों की कड़ी में STF (एंटी नार्कोटिक्स) कुमाऊं यूनिट को समस्त जनपदों में सतर्कता और कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर द्वारा जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में कल शाम को एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट द्वारा कोतवाली किच्छा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
यह संयुक्त अभियान STF टीम एवं स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर चलाया गया, जिसमें लालपुर क्षेत्र से एक हीरोइन तस्कर संतोख सिंह पुत्र संता सिंह, निवासी गुरुद्वारे के पास, लालपुर, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 152.39 ग्राम अवैध हीरोइन बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह यह हीरोइन बरेली से लाकर उधम सिंह नगर में ऊंचे दामों में बेचता है। STF टीम द्वारा की गई पूछताछ में अन्य कई ड्रग्स तस्करों के नामों का भी खुलासा हुआ है, जिन पर आगे अलग से कार्यवाही की जाएगी। साथ ही अभियुक्त के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। नशा तस्करी की जानकारी मिलने पर आमजन तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। संपर्क हेतु ऑफिस नंबर 0135-2656202, मोबाइल नंबर 9412029536 जारी किए गए हैं।
जनवरी 2025 से अब तक ANTF कुमाऊं यूनिट द्वारा मादक पदार्थों की उल्लेखनीय बरामदगी की गई है, जिसमें 11 किलो 981 ग्राम चरस, 1 किलो 356 ग्राम हेरोइन, 7.41 ग्राम एमडीएमए और 2 किलो 513 ग्राम अफीम शामिल है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह और सीओ आर.बी. चमोला के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में की गई, जिसमें STF टीम के SI विपिन चंद्र जोशी, SI विनोद चंद्र जोशी, ASI जगवीर शरण, HC मनमोहन सिंह, आरक्षी वीरेंद्र चौहान एवं इसरार अहमद शामिल रहे। स्थानीय स्तर पर कोतवाली किच्छा से उ0नि0 बसंत कुमार, आरक्षी किशोर कोहली, देवराज एवं बृजमोहन की भूमिका भी सराहनीय रही।
उत्तराखंड STF की यह कार्रवाई प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक और सशक्त कदम है।


