

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मृतका के पति धीरज पंवार ने खुद कंट्रोल रूम को फोन कर दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और महिला को एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में मृत अवस्था में पाया।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे धीरज पंवार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद थाना क्लेमेनटाउन पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल किए जाने वाले स्थान की जानकारी जुटाकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, एक प्लॉट के अंदर बने कमरे को खोलने पर काजल पत्नी धीरज पंवार, उम्र 26 वर्ष, निवासी ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास, थाना क्लेमेनटाउन, मूल निवासी ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, मृत अवस्था में मिली। प्रथम दृष्टया महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया है।
बताया गया है कि काजल उक्त स्थान पर अपने पति धीरज पंवार पुत्र सुशील पंवार के साथ रह रही थी। मकान के बगल में मृतका का भाई अभिषेक भी रहता था। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था।
घटना की सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मृतका के पति धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
