सीमेंट से भरा ट्रक डिवाइडर से टकराया, एक की मौत; दो घायल

Spread the love

देहरादून। मोहब्बेवाला चौक के पास रविवार सुबह सीमेंट से भरा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस के साथ फायर सर्विस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या HR38AB0216 सहारनपुर से सीमेंट लेकर देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला चौक के पास ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना में जमील पुत्र मकसूद, निवासी छुटमलपुर, जिला सहारनपुर, उम्र करीब 50 वर्ष की मौत हो गई। वहीं बबलू कश्यप पुत्र कल्लन, निवासी मोहब्बेवाला, देहरादून, मूल निवासी बाराबंकी, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष और उनकी 18 वर्षीय पुत्री रोली घायल हो गईं।

दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भेजा गया है। मृतक के शव को कोरोनेशन अस्पताल भेजकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मामले में ट्रक चालक के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मोहब्बेवाला चौक के आसपास लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए पूर्व में ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के संबंध में अवगत कराया गया था। अब पुलिस द्वारा विभाग को दोबारा लिखित नोटिस भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि नोटिस का तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/प्रभारी पुलिस अधीक्षक यातायात, देहरादून

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *