हल्द्वानी। पिछली बरसात में धंसने के बाद से चर्चा में रही गोला पुल की एप्रोच रोड का निर्माण कार्य अब भी अधूरा होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है। बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही लोगों की चिंता बढ़ गई है कि यदि भारी बारिश हुई तो एक बार फिर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसी बीच लोक निर्माण विभाग के नव नियुक्त अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने कार्यभार संभालते ही गोला पुल की एप्रोच रोड का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि एप्रोच रोड को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए तेजी से तैयारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।
इस दौरान अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की बात कही। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार बरसात से पहले एप्रोच रोड का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पिछले वर्ष जैसी स्थिति दोबारा न बने।
