
हल्द्वानी। स्नातक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के दौरान हुए कथित नकल प्रकरण की जांच अब आमजन और अभ्यर्थियों के सामने खुले तौर पर होगी। माननीय न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग 3 और 4 अक्टूबर को सर्किट हाउस, काठगोदाम, हल्द्वानी में जनसुनवाई करेगा।
अधिकारियों के अनुसार आयोग 2 अक्टूबर को हल्द्वानी पहुंचेगा। इसके बाद 3 अक्टूबर (शुक्रवार) को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और 4 अक्टूबर (शनिवार) को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। सुनवाई पूरी होने के बाद उसी दिन दोपहर 1 बजे आयोग देहरादून प्रस्थान करेगा।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य अभ्यर्थियों, नागरिकों और सभी हितधारकों की बातों को सीधे आयोग तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि जांच को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज कराएं।
इस जनसुनवाई से अभ्यर्थियों को आयोग के समक्ष सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा, जिससे जांच प्रक्रिया और भी पारदर्शी हो सकेगी।

