हल्द्वानी। मानसून की पहली बारिश ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शहर की कई आंतरिक सड़कें जलभराव, कीचड़ और गंदगी से भर गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नालियों की पर्याप्त सफाई न होने और सड़कों पर गंदा पानी बहने से आमजन को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
हालांकि नगर निगम का कहना है कि शहर में चल रहे बड़े विकास कार्यों के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि शहर में सीवरेज लाइन, पेयजल पाइपलाइन और 33 केवी विद्युत लाइन को भूमिगत करने का कार्य विभिन्न विभागों द्वारा किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के चलते शहर की अधिकांश सड़कें खुदी हुई हैं, जिससे बारिश के दौरान लोगों को असुविधा हो रही है।
मेयर ने कहा कि विकास कार्यों के कारण फिलहाल नागरिकों को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन यह अस्थायी स्थिति है। उन्होंने शहरवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि अगले वर्ष की बरसात से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे और शहर की लगभग 99 प्रतिशत समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम और संबंधित विभाग तेजी से कार्यों को पूरा करने में जुटे हैं ताकि हल्द्वानी को बेहतर और व्यवस्थित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मेयर नगर निगम
