रामनगर में सड़कों की बदहाली पर कमिश्नर दीपक रावत सख्त, 15 अक्टूबर तक सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

Spread the love

रामनगर। कुमाऊँ मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को रामनगर पहुंचकर शहर की सड़कों और यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रामनगर-हल्द्वानी नए पुल से शहीद भगत सिंह चौक होते हुए नगर पालिका क्षेत्र तक विभिन्न सड़कों का जायजा लिया। इस दौरान सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, सड़क किनारे जल निकासी समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आगामी 15 अक्टूबर तक रामनगर की सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत और सुधार कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ ही सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर किसी भी स्थान पर गड्ढे अथवा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली स्थिति नहीं रहनी चाहिए। संबंधित विभाग नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करें और जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाए।

मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सीधे तौर पर आमजन से जुड़ा विषय है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए तय समयसीमा में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गोपाल सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *