हल्द्वानी। जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और चोरगलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चोरगलिया थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से आठ अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों में छह देशी तमंचे .315 बोर के साथ चार जिंदा कारतूस तथा दो देशी तमंचे 12 बोर के साथ छह जिंदा कारतूस शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद निवासी नकुलिया, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के आधार पर पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों की खरीद-फरोख्त के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम की हौसला अफजाई करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल
