हल्द्वानी। जिला जज नैनीताल, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने सोमवार को उप कारागार हल्द्वानी का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने कारागार परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन और बंदियों के परिजनों से मुलाकात की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि कारागार में रह रहे छह छोटे बच्चों के टीकाकरण, पोलियो वैक्सीन और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान बंदियों के स्वावलंबन के लिए संचालित बेकरी इकाई के कार्यों की सराहना की गई। साथ ही अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विस्तार के लिए रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।
अधिकारियों ने पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा बंदियों को दी जा रही कानूनी सहायता, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और कारागार प्रशासन के कार्यों की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि बंदियों के हित में जो भी आवश्यक सुधार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक प्रमोद पांडेय सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी
