हल्द्वानी में SIR को लेकर बड़ी बैठक, 2.30 लाख से ज्यादा नोटिस जारी; 69 हजार से अधिक मामलों की सुनवाई पूरी

Spread the love

हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की। बैठक जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार आयोजित की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत वर्तमान में नोटिस वितरण और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

जनपद नैनीताल की प्रारूप निर्वाचक नामावली में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में जारी 2,35,085 नोटिसों में से अब तक 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 69,318 मतदाताओं के नोटिस की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की भी पहचान की गई है। जिले में करीब 1,88,054 मामले Anomaly तथा 47,031 मामले No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की प्रक्रिया की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, दावे और आपत्तियों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा। अब तक विभाग को फॉर्म-6 के 12,450, फॉर्म-7 के 11,599 और फॉर्म-8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है या नाम, पता, उम्र, फोटो अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेई समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें बसपा से हरीश सिनौली और संजू, कांग्रेस से मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट और प्रकाश पटवाल तथा भाजपा से आनंद सिंह और मनीष पाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *