हल्द्वानी में जलभराव पर बड़ा एक्शन, उजाला नगर में नालों पर बने 36 अतिक्रमण होंगे ध्वस्त

Spread the love

हल्द्वानी। बीते दिवस हुई मूसलाधार बारिश के बाद हल्द्वानी के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बनभूलपुरा का उजाला नगर भी शामिल रहा, जहां नाले में ब्लॉकेज होने से बारिश का पानी आसपास की बस्तियों में फैल गया। स्थिति का जायजा लेने के लिए आज नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने मौके का निरीक्षण किया और नालों पर हुए अतिक्रमण को समस्या की मुख्य वजह बताते हुए जल्द कार्रवाई की बात कही। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में नगर निगम ने 14 प्रमुख नालों को चिन्हित किया है, जिनकी नियमित सफाई कराई जा रही है। उजाला नगर स्थित नाले में भी लगातार सफाई अभियान चल रहा है, लेकिन अतिक्रमण के कारण नाले की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही है और जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में यह सहमति बनी है कि जहां-जहां नालों पर अतिक्रमण कर रास्ता संकरा किया गया है, वहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा। 

नगर निगम ने ऐसे करीब 36 मकानों को चिन्हित किया है, जिनकी मार्किंग का कार्य अगले दिन से शुरू किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि नालों का प्राकृतिक प्रवाह बहाल हो सके। नगर आयुक्त ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि नालों और अन्य जल निकासी मार्गों पर किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि यदि पानी के प्राकृतिक बहाव को रोका जाएगा तो जलभराव की समस्या और गंभीर होगी तथा इसका नुकसान लोगों के घरों तक पहुंचेगा। वार्ड संख्या 31 के पार्षद समीर अंसारी ने कहा कि भारी बारिश के कारण वार्ड 31 के साथ-साथ वार्ड 29 और 30 भी जलभराव से प्रभावित हुए थे। उन्होंने बताया कि इसी को देखते हुए नगर आयुक्त ने उजाला नगर स्थित नाले का निरीक्षण किया। नगर निगम की टीमें लगातार नाले की सफाई में जुटी हुई हैं और अब स्थायी समाधान के लिए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले चिन्हित अतिक्रमणों की मार्किंग की जाएगी और उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नाले को पूरी तरह साफ और चौड़ा किया जाएगा, जिससे भविष्य में भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

परितोष वर्मा
नगर आयुक्त
नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम
समीर अंसारी
पार्षद वार्ड 31

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *