जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का एक्शन! पूर्व सैनिक के बीमा क्लेम से लेकर जमीन विवाद तक, मौके पर निस्तारित की समस्याएं

हल्द्वानी। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने सोमवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम, जमीन पर कब्जा, हिस्सेदारी और धनराशि वापस दिलाने से संबंधित शिकायतों को सुना। जनसुनवाई में आयुक्त ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान कराया, जबकि कुछ मामलों में संबंधित अधिकारियों एवं पक्षकारों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई में हल्द्वानी निवासी अनिता ने अपने पूर्व सैनिक पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद दुर्घटना बीमा क्लेम नहीं मिलने की समस्या उठाई। उनके पति की पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी। इस मामले में आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक अधिकारियों को कार्यालय में तलब कर बीमा क्लेम नहीं मिलने का कारण पूछा।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना बीमा का लाभ रक्षा पेंशन पैकेज के तहत मैप किए गए खाते और नियमित पेंशन क्रेडिट होने की स्थिति में मिलता है। सामान्य बचत खाते में यह सुविधा लागू नहीं होती। बैंक की ओर से बताया गया कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर लगभग 35 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है। इस पर आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पूर्व सैनिक अपने खातों को रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत करा सकें और बीमा सुविधा का लाभ मिल सके।

जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का एक्शन! पूर्व सैनिक के बीमा क्लेम से लेकर जमीन विवाद तक, मौके पर निस्तारित की समस्याएं

वहीं, हल्द्वानी निवासी मुकेश भट्ट ने शिकायत की कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व भूमि खरीदने के लिए माया देवी को 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें भूमि मिली और न ही धनराशि वापस की गई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी समझौता कराया और माया देवी को एक माह के भीतर 5.50 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में धनराशि वापस नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

जसपुर निवासी अनिता शर्मा ने 60 बीघा भूमि से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत की। उन्होंने बताया कि भूमि पर न्यायालय से स्टे होने के बावजूद दूसरे पक्ष द्वारा फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस पर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टे वाली भूमि पर न्यायालय का फैसला आने तक कोई भी निर्माण अथवा अन्य गतिविधि नहीं की जा सकती। संबंधित पक्ष को आदेशों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।