हल्द्वानी: हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगाए गए कैंप में बड़ी संख्या में आए आवेदनों की जांच के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। कैंप के दौरान करीब 7000 आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन नगर निगम द्वारा की गई स्क्रूटनी में कई आवेदक ऐसे पाए गए जिनके पास पहले से ही पक्के मकान मौजूद हैं।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा के अनुसार, जांच में गड़बड़ी उजागर होते ही अब कार्रवाई के डर से कई लोग खुद ही अपने आवेदन वापस लेने लगे हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन करते समय सभी आवेदकों ने शपथ पत्र दिया था, लेकिन अब कई लोग स्वयं आगे आकर यह स्वीकार कर रहे हैं कि वे पहले ही सरकारी योजनाओं का लाभ ले चुके हैं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जो भी लोग गलत तरीके से आवेदन किए हैं, वे स्वेच्छा से अपने फॉर्म निरस्त करवा सकते हैं। वहीं, जो लोग वास्तव में पात्र हैं, उनके आवेदनों पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि योजना का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को ही मिलेगा, जबकि फर्जी या गलत जानकारी देकर आवेदन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
नगर आयुक्त हल्द्वानी
