जनता की जरूरतों पर आधारित होगी नैनीताल की जिला योजना 2026-27, DM ललित मोहन रयाल ने दिए सख्त निर्देश

Spread the love

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में नैनीताल जिले की प्रस्तावित जिला योजना वर्ष 2026-27 की पूर्व तैयारी बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना निर्माण में जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि जिला योजना के प्रस्ताव ऐसे तैयार किए जाएं जिनसे सीधे आम जनता को लाभ पहुंचे और सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विकास योजनाओं का त्वरित और प्रभावी लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

जिलाधिकारी ने स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए उद्यान, कृषि, मत्स्य, दुग्ध विकास, पशुपालन और अन्य आजीविका आधारित योजनाओं को प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्लस्टर अप्रोच को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय पर विशेष ध्यान देने को कहा, जिससे भूमिहीन, छोटे किसान और ग्रामीण उद्यमियों को अधिक लाभ मिल सके।

गर्मी के मौसम में पेयजल संकट को देखते हुए जिलाधिकारी ने ट्यूबवेल मरम्मत और स्टेबलाइजर खरीद के लिए बजट में प्राथमिकता देने को कहा। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों के विकास, किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए सोलर फेंसिंग और तारबाड़ जैसी योजनाओं को भी प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार किए जाएं। साथ ही पिछले वर्ष की जिला योजना के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को समय पर उसका लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की जाए, क्योंकि वे क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति अवगत होते हैं। उनके सुझावों को भी योजना में शामिल किया जाना चाहिए।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी सप्ताह में जनपद के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला योजना 2026-27 की बैठक प्रस्तावित है, जिसके लिए सभी विभाग अपने प्रस्ताव समय से जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *