हल्द्वानी में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार: मेडिकल स्टोर सील, भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद

Spread the love

हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर की जा रही कार्रवाई के क्रम में हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है।

SOTF टीम और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गईं। टीम ने मौके से 20 बुप्रेनॉर्फिन (Buprenorphine IP) इंजेक्शन, 113 ट्रामाडोल कैप्सूल और 360 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद कीं, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है।

जांच के दौरान पाया गया कि इन दवाइयों का भंडारण और बिक्री बिना उचित रिकॉर्ड और वैध प्रिस्क्रिप्शन के की जा रही थी, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के नियम 65 का गंभीर उल्लंघन है। इस पर कार्रवाई करते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी कार्यालय से आई टीम की मौजूदगी में की गई। हालांकि, स्थानीय औषधि निरीक्षक द्वारा दुकान संचालक को संबंधित दस्तावेज और रजिस्टर पांच दिन के भीतर हल्द्वानी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त मेडिकल स्टोर पहले भी कई बार जांच के दायरे में आ चुका है और कथित तौर पर इसका लाइसेंस निरस्त भी किया जा चुका था। इसके बावजूद बार-बार उसी स्थान पर लाइसेंस जारी होने को लेकर लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लंबे समय से यहां नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री हो रही थी, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही थी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

औषधि विभाग अधिकारी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *