हल्द्वानी: हल्द्वानी में शहीद पार्क के पास भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, दायित्वधारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। संबोधन के बाद 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ की शुरुआत की गई।
यात्रा की मशाल को नैनीताल रोड स्थित पार्क में स्थापित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका निभानी होगी।
