हल्द्वानी: प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल एक अराजनीतिक संगठन है, जहां एक पदाधिकारी अधिकतम 3 वर्ष तक पद पर रह सकता है। इसके बाद फिर से चुनाव कराए जाने का प्रावधान है। एक व्यक्ति अधिकतर तीन बार एक ही पद पर निर्वाचित हो सकता है।
योगेश शर्मा ने आगे बताया कि जिलाध्यक्ष के पद पर विपिन गुप्ता लगभग 24 वर्ष से काबिज हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री पद पर आसीन हैं। इसी कारण उनसे कहा जा रहा है कि वे व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक क्षेत्र में अपना काम करें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यापार मंडल का लेखा-जोखा सार्वजनिक होना चाहिए, यह हमारी मांग है।
गौरतलब है कि 5 अक्टूबर को व्यापार मंडल की हुई मीडिया वार्ता में जानकारी दी गई थी कि 9 तारीख को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी आ रहे थे, जिसमें योगेश शर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद अचानक योगेश शर्मा और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के बीच अनबन हो गई, जिसके बाद यह सारी बातें सामने आ रही हैं।
योगेश शर्मा ने आरोप लगाया कि व्यापार मंडल को एक पार्टी विशेष का संगठन बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसका हम विरोध कर रहे हैं।
