
हल्द्वानी: प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड द्वारा 9 अक्टूबर को हल्द्वानी में एक भव्य व्यापारी सम्मेलन और वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और व्यापार जगत की प्रमुख हस्तियों से संवाद करेंगे।
मंडल के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि यह सम्मेलन व्यापारियों की समस्याओं और उनके समाधान के संदर्भ में अत्यंत महत्वपूर्ण है। व्यापारियों को मुख्यमंत्री से काफी आशाएं और अपेक्षाएं हैं। सम्मेलन में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के साथ ही हिमाचल प्रदेश, यूपी और नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों के व्यापारी प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
सम्मेलन का कार्यक्रम:
· शुभारंभ: प्रातः 9:00 बजे नगर निगम हल्द्वानी के पास से एक भव्य व्यापारी रैली का आयोजन किया जाएगा।
· स्थान: प्रातः 10:00 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में व्यापारियों का पंजीकरण एवं स्वागत के साथ सम्मेलन का शुभारंभ होगा।
· सत्र: प्रथम सत्र में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों की समस्याओं पर विचार किया जाएगा। द्वितीय सत्र में मुख्यमंत्री का अभिनंदन, विशिष्ट सेवा सम्मान, स्मारिका का विमोचन तथा मुख्यमंत्री का संबोधन होगा।
इस अवसर पर माननीय सांसद अजय भट्ट एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में लगभग 250 व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, काशीपुर, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, रानीखेत और पौड़ी आदि क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न जिलों से महिला प्रतिनिधि भी भागीदारी करेंगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। व्यवस्था संचालन के लिए श्री मदन फर्त्याल, व्यापारी रैली आयोजन समिति के लिए श्री नवनीत राणा, खान-पान व्यवस्था समिति के लिए श्री हर्षवर्धन पाडे, स्मारिका प्रकाशन, सभागार व्यवस्था और पंजीकरण व्यवस्था समिति में श्री विपिन गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आलू, फल आढ़ती एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन, हल्द्वानी सर्फा एवं स्वर्णकार एसोसिएशन तथा युवा व्यापार मंडल ने भी सहयोग देने की सहमति व्यक्त की है।
