हल्द्वानी। अंजुमन सिद्दिकियान कमेटी की ओर से रविवार को चोरगलिया रोड स्थित एक मैरिज हॉल में सीबीएसई एवं उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के सदर राशिद हुसैन सिद्दीकी और जनरल सेक्रेटरी उजेर फिरोज ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना कमेटी का मुख्य उद्देश्य है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जामा मस्जिद के इमाम मौलाना आजम कादरी और मस्जिद बंजरान के इमाम मौलाना अब्दुल बासिद मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन का सबसे मजबूत आधार बनाने और मेहनत व लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री मज़हर नईम नवाब, समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, सपा नेता शोएब अहमद तथा कांग्रेस नेता सुहैल सिद्दीकी सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सीबीएसई एवं उत्तराखंड बोर्ड के लगभग 60 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बनभूलपुरा क्षेत्र के आमिर आलम को कॉमर्शियल पायलट बनने की उपलब्धि पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कमेटी के राशिद हुसैन सिद्दीकी, उजेर फिरोज, मोहम्मद यूसुफ, सईद आदिल, शावेज सिद्दीकी, अख्तर नईम, इनायत हुसैन, इख्तेदार उल्लाह, इंतजार हुसैन, सलमान सिद्दीकी, रईस वारसी, अरकम सिद्दीकी, आवेस इशरत, कमरान कैफी, फैज़ सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
