हल्द्वानी। जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को धमकी देने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 की रात कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तिकोनिया स्थित ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को रोका गया। वाहन के चालान की प्रक्रिया के दौरान कार चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” की धमकी दी। इसके बाद वह पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हुए मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के संबंध में उपनिरीक्षक आरती की तहरीर के आधार पर 11 मई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 154/2026 धारा 132/221/351(2)(3)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ग्राम भवान सिंह नवाड़, लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK18B-1989 को भी कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी नैनीताल ने कहा है कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी या लोकसेवक के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
