संदिग्ध हालात में युवक की मौत, निर्माणाधीन भवन में मिला शव

Spread the love

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के दमुवाढूंगा इलाके में सोमवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाना काठगोदाम पुलिस टीम तत्काल मल्ला प्लाट दमुवाढूंगा स्थित एक निर्माणाधीन भवन में पहुंची, जहां एक व्यक्ति तख्त पर चित अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के मुंह और नाक के आसपास उल्टीनुमा पीला-लाल पदार्थ दिखाई दिया।

मौके पर मौजूद मृतक के भाई ने उसकी पहचान 46 वर्षीय जीवन चन्द्र गंगोला निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा के रूप में की। परिजनों के अनुसार मृतक लंबे समय से नशे का आदी था और निर्माणाधीन भवन में मजदूरों के साथ रह रहा था।

पुलिस ने फील्ड यूनिट और 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद युवक को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अमित सैनी
क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *