
हल्द्वानी। शहर के व्यस्त और पॉश माने जाने वाले स्टेडियम क्षेत्र से रामपुर रोड तक एक युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बुलेट बाइक पर सवार दो युवक लगातार युवती का पीछा करते रहे और उस पर अशोभनीय टिप्पणियां करते रहे। युवती उस समय अपने भाई के साथ बाइक पर थी और दोनों आरोपियों से बचने के लिए सड़क पर मदद के लिए चिल्लाते रहे। बावजूद इसके, आरोपियों ने बीच सड़क पर भी उनका पीछा करना नहीं छोड़ा।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती की घबराहट और आरोपियों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


