हल्द्वानी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षार्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से सघन जांच की गई। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहा।
परीक्षा के दौरान एलआईयू और एसओजी की टीमें लगातार सक्रिय रहीं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी। वहीं परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई। जोनल एवं सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमण कर केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रही। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जा रही है।
एसएसपी नैनीताल
एडीएम नोडल अधिकारी UKSSSC
