
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। घटना में राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की सूचना है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अधिकारियों को चुनाव की आड़ में मारपीट, दबंगई या अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव ने उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों को चिन्हित किया।
पुलिस ने धारा 172 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए अनिकेत चरण पुत्र डेविड चरण निवासी राजपुरा और दीपक बोरा पुत्र हरक सिंह बोरा निवासी तिकोनिया कैनाल रोड, थाना हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों को सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत का समर्थक बताया गया है। आरोप है कि दिन के समय दोनों ने सचिव पद के दूसरे प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट की थी।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य अराजक तत्वों की भी वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह शामिल रहे।
