हल्द्वानी: हल्द्वानी के टांडा रेंज में लालकुआं से सटे जंगल क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई। घटना जंगल के भीतर पहाड़ी खत्ता क्षेत्र की बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति जंगल क्षेत्र में मौजूद थे, तभी जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली ने बताया कि वन विभाग और राजस्व विभाग की टीमें घटनास्थल पर भेजी गई हैं। मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास और गांवों के निकट वन विभाग की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।
