ऑपरेशन प्रहार में पुलिस का बड़ा एक्शन: 15 मुकदमों वाले आदतन अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोली

Spread the love

देहरादून। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के आदतन अपराधी शुभम त्यागी की नियमित निगरानी के लिए हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है।

शुभम त्यागी पुत्र शिव कुमार त्यागी निवासी शिक्षक कॉलोनी, विकासनगर के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक विभिन्न गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान के तहत अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि आदतन अपराधियों की दैनिक गतिविधियों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है। इसी रणनीति के तहत हिस्ट्रीशीट खोलकर अभियुक्त की गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रखेगी।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराध व नशे से जुड़े तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई को पुलिस की अपराध नियंत्रण रणनीति में अहम कदम माना जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *