हल्द्वानी। शहर में करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण, नालियों व ड्रेनेज सिस्टम, सीवरेज नेटवर्क और आंतरिक सड़कों के निर्माण जैसे बड़े विकास कार्य चल रहे हैं, लेकिन इनकी धीमी रफ्तार अब लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। निर्माण कार्यों के चलते शहर के कई हिस्से खुदे पड़े हैं और आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मानसून आने में अब करीब एक महीने का ही समय शेष है, ऐसे में यदि निर्माण कार्य समय पर पूरे नहीं हुए तो बारिश के दौरान हालात और बिगड़ सकते हैं। पिछले वर्षों में जलभराव और गंदगी की समस्या ने शहरवासियों को काफी परेशान किया था, जिससे इस बार भी वैसी ही स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था यूयूएसडीए को निर्देश दिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई के अनुसार कार्य में तेजी लाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम द्वारा नालों और नहरों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बावजूद शहरवासियों को डर है कि यदि निर्माण कार्यों की रफ्तार नहीं बढ़ी तो इस बार भी बरसात में हल्द्वानी को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी
नगर आयुक्त हल्द्वानी
