
हल्द्वानी। सरस मेले की स्टार नाइट में संगीत और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट और सारेगामापा फेम प्रसिद्ध लोक गायक नीरज उप्रेती की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दोनों कलाकारों की गायकी ने पूरे मेले में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड की मातृभूमि, संस्कृति, परंपरा और हिमालय के प्रति प्रेम एवं गौरव को समर्पित गीत “उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी इस प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत की धुन पर पूरा माहौल उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पहाड़ी गौरव के रंग में रंग गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विधायक की प्रस्तुति का स्वागत किया।
वहीं, सरस मेला स्टार नाइट के मुख्य आकर्षण रहे सारेगामापा फेम प्रसिद्ध लोक गायक नीरज उप्रेती ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार मंचीय अंदाज से समां बांध दिया। उन्होंने “चुरा लिया है तुमने जो दिल को”, “बचना ऐ हसीनों, लो मैं आ गया” और “गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं” जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके एक से बढ़कर एक गीतों पर दर्शक झूमने और गुनगुनाने लगे।
नीरज उप्रेती की दमदार गायकी और आकर्षक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। स्टार नाइट में दोनों की प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं और सरस मेले की शाम संगीत, संस्कृति और मनोरंजन के नाम रही।

