हल्द्वानी में प्रसूति मृत्यु विवाद बढ़ा: परिजनों ने बुद्ध पार्क में धरना दिया, अस्पताल पर “भ्रामक जानकारी” का आरोप लगाया

हल्द्वानी (नैनीताल)। पीएसपी अस्पताल में प्रसव के बाद हुई 23 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत का मामला सोमवार को और गरमा गया। मृतका के परिजनों ने बुद्ध पार्क में धरना प्रदर्शन कर अस्पताल प्रबंधन पर भ्रामक जानकारी फैलाने का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रहा है, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के स्तर पर मामले की जांच अभी चल रही है।

ज्ञात हो कि गौलापार के सीतापुर निवासी अर्शदीप कौर को 11 नवंबर को प्रसव के लिए रामपुर रोड स्थित पीएसपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीजेरियन डिलीवरी के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और 13 नवंबर की रात उनकी मौत हो गई । परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने समय रहते मरीज को रेफर नहीं किया और लापरवाही से इलाज करते रहे, जिससे युवती की जान चली गई ।

मामला बढ़ने पर सीएमओ रश्मि पंत और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। प्रशासन ने जांच पूरी होने तक इलाज में शामिल दो डॉक्टरों को ड्यूटी से हटा दिया है । सीएमओ ने सात दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने का आश्वासन दिया था। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि भर्ती से लेकर ऑपरेशन तक का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध है और वे जांच में सहयोग कर रहे हैं ।

सोमवार को परिजनों ने बुद्ध पार्क पहुंचकर अपना विरोध जताया और आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहा है। पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों द्वारा लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि नए कानून के तहत चिकित्सीय लापरवाही के मामलों में जांच रिपोर्ट के बाद ही कार्रवाई होती है । फिलहाल सीएमओ की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

आर्षदीप के परिजनों ने कहा कि अगर हमारी सुनवाई नहीं होती तो हम हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा आएंगे। परिजनों का आरोप है कि ecg में भी गड़बड़ी की गई है।