हल्द्वानी में सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ, 3 दिसंबर तक सजेगा एमबी इंटर कॉलेज मैदान

  • सांसद दिनेश आर्य और विधायक बंशीधर भगत ने किया उद्घाटन, महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा अपने उत्पादों के विपणन का बड़ा मंच

हल्द्वानी। शहर के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 3 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों, हस्तशिल्प और कलाकृतियों को प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों और हस्तशिल्प को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले स्वयं सहायता समूहों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और कार्यशैली को समझने का अवसर भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए मेले में बायर-सेलर मीट का भी आयोजन किया जा रहा है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए व्यापक बाजार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मेले के माध्यम से स्थानीय और ग्रामीण उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने का अवसर मिलेगा। 3 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में लोग विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।

हल्द्वानी में सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ, 3 दिसंबर तक सजेगा एमबी इंटर कॉलेज मैदान