STF का बड़ा एक्शन! 25 लाख की चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

चंपावत। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर STF ने एक नशा तस्कर को 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी चंपावत के लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के निर्देश पर प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने सूचनाएं विकसित करते हुए थाना लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाई और चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जनपद चंपावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उसे बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था।

STF का बड़ा एक्शन! 25 लाख की चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। चरस की आपूर्ति के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाए। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस संयुक्त कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, कांस्टेबल पवन भट्ट, कांस्टेबल कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे।

STF ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नशे के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है।