कानूनगो को 40,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

पिथौरागढ़: सतर्कता अधिष्ठान ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील डीडीहाट के कानूनगो नारायण सिंह करायत को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तब हुई जब आरोपी कानूनगो ने शिकायतकर्ता से उसकी भूमि की नाप के एवज में 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया कि कानूनगो द्वारा उसके दुमंजिले मकान का निर्माण रूकवाया जा रहा है और भूमि की नाप के बदले 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। आरोपी ने अंततः 40,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमति व्यक्त की थी। शिकायत के आधार पर सतर्कता अधिष्ठान ने जांच शुरू की और मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रैप टीम का गठन किया।

टीम ने निरीक्षक प्रकाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में 4 अप्रैल 2025 को तहसील डीडीहाट में स्थित आरोपी के सरकारी आवास से उसे 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नारायण सिंह करायत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रानीखेत के ग्राम पजीना का निवासी है और वर्तमान में अल्मोड़ा में रहता है।

सतर्कता अधिष्ठान ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर 24X7 संपर्क कर अपना योगदान दें।

यह गिरफ्तारी भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक और बड़ी सफलता है और यह दर्शाता है कि सरकार इस दिशा में कठोर कदम उठा रही है।