हल्द्वानी नगर निकाय चुनाव: समाजवादी पार्टी में मतीन सिद्दीकी और शोएब अहमद का गठबंधन

हल्द्वानी: उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं, और हल्द्वानी नगर निगम चुनाव ने इसे और भी रोचक बना दिया है। इस बार समाजवादी पार्टी में एक बड़ा चमत्कार देखने को मिला है, जब समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने पार्टी के प्रदेश महासचिव शोएब अहमद को अपना समर्थन दिया। इस कदम ने चुनाव को एक नया मोड़ दे दिया है।

बता दें कि विगत विधानसभा चुनाव में अब्दुल मतीन सिद्दीकी AIMIM से जबकि शोएब अहमद समाजवादी पार्टी से मैदान में थे, जिससे स्थानीय जनता में यह असंतोष था कि एक ही समुदाय से दो उम्मीदवार क्यों खड़े किए गए। इसका फायदा कांग्रेस पार्टी को मिला, और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में मतदाताओं ने कांग्रेस के प्रत्याशी को भारी समर्थन दिया। इसके परिणामस्वरूप मतीन सिद्दीकी और शोएब अहमद को लगभग 3000 वोट ही मिल सके।

विधानसभा चुनाव के बाद मतीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी में वापसी की, और फिर लोकसभा चुनाव में भी मुस्लिम वोटरों ने कांग्रेस के उम्मीदवार प्रकाश जोशी को भारी समर्थन दिया। इससे सबक़ लेकर अब नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी के दोनों दिग्गज एक साथ आ गए हैं।

अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने चुनाव में भाग न लेते हुए शोएब अहमद के समर्थन में अपनी ताकत झोंकी है। अब देखना यह होगा कि दोनों नेताओं के इस गठबंधन का चुनावी परिणाम पर क्या असर पड़ता है और इस बार मुस्लिम वोटों का रुझान किस तरफ होगा।
लेकिन समाजवादी गठबंधन से मुकाबला त्रिकोणीय होना निश्चित हो गया है!