तनख्वाह न मिलने से उपनल कर्मियों की हड़ताल शुरू, मरीजों पर पड़ा असर

Spread the love

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में कार्यरत 650 से अधिक उपनल कर्मचारियों ने पिछले तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण सोमवार से सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक की जाएगी और अगले एक सप्ताह तक चलेगी। यदि इस अवधि में उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार अस्पताल वर्ष 2010 से पहले सुशीला तिवारी ट्रस्ट के अधीन था, उस दौरान बड़ी संख्या में भर्तियां की गई थीं। बाद में उपनल के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्ति की गई। वर्तमान में अस्पताल में 659 उपनल कर्मचारी विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन अब राज्य सरकार द्वारा इन कर्मचारियों के वेतन के लिए बजट रोक दिया गया है और यह निर्देश दिए गए हैं कि केवल सर्जित पदों के सापेक्ष ही वेतन दिया जाएगा।

इस फैसले से बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं जिनकी नियुक्ति सर्जित पदों के बाहर हुई थी। कर्मचारियों का कहना है कि यह स्थिति उनके लिए आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर रही है।

हड़ताल का असर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर साफ देखा जा सकता है। ओपीडी, लैब, और अन्य जरूरी सेवाओं में भीड़ बढ़ती जा रही है और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो यह संकट और गहराने की आशंका है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *