हल्द्वानी। माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के अंतर्गत मुख्य नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने नगर निगम से भोटिया पड़ाव चौकी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर फुटपाथ तोड़कर दुकानों के फर्श तक बना लिए जाने का गंभीर मामला सामने आया। नगर निगम ने ऐसे दुकानदारों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए अपने फर्श स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा बलपूर्वक तोड़ने की कार्रवाई की बात कही गई है।
हालांकि, इस अभियान के दौरान नगर निगम की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। देखने में आया कि जहां नगर निगम आम दिनों में ठेले और रेहड़ी वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाता है, वहीं नैनीताल रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए पक्के अतिक्रमण को मात्र चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। आरोप है कि स्थायी निर्माण कर फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के प्रति निगम का यह रवैया नरम क्यों है, जबकि पेट भरने के लिए सड़क किनारे बैठने वाले छोटे विक्रेताओं पर हमेशा सख्ती दिखाई जाती है।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान कई दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की हिदायत दी और फुटपाथ पर पक्का निर्माण करने वालों को शीघ्र अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन वाकई अतिक्रमण मुक्त शहर चाहता है तो सभी के साथ एक समान व्यवहार होना चाहिए।
