हल्द्वानी। सोमवार को मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक जूता दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया। दुकान श्री सुमेर सिद्दीकी पुत्र श्री मतीन सिद्दीकी की बताई जा रही है।
आग की घटना में दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि फायर सर्विस की मुस्तैदी के चलते आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रशासन के अनुसार आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है और इसकी विस्तृत जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
