
हल्द्वानी। भोलेनाथ गार्डन क्षेत्र में एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि मकान की दूसरी मंजिल पर प्रदीप गारमेंट्स का कपड़ों का गोदाम संचालित हो रहा था। कपड़े बड़ी मात्रा में रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। गोदाम गली के अंदर होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने के दौरान काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार स्वयं मौके पर पहुंचे और अग्निशमन अभियान की निगरानी की। वहीं पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आसपास जमा लोगों को नियंत्रित किया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा कपड़ों का सामान जलने की सूचना है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल अग्निशमन कर्मियों की ओर से आग को पूरी तरह नियंत्रित करने की कार्रवाई की गई। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग लगने के कारण और हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी
