28 नवंबर को होगा नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक अधिवेशन, हल्द्वानी में जुटेंगे दुग्ध उत्पादक और सहकारिता क्षेत्र की हस्तियां

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में भव्य अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों के साथ जनप्रतिनिधि, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक शामिल होंगे।

बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल के सदस्यों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिवेशन के आयोजन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से 77वें वार्षिक अधिवेशन के आयोजन पर मुहर लगा दी गई।

अधिवेशन में दुग्ध संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय के विवरण और दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

कार्यक्रम के दौरान संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ दुग्ध उत्पादकों के योगदान को सम्मानित करने और सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती देने पर विशेष जोर रहेगा। अधिवेशन में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों की भागीदारी रहने की उम्मीद है।

बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।