व्यापार मंडल विवाद: जिलाध्यक्ष बोले—सभी आरोप गलत, 9 अक्टूबर के बाद होगा खुलासा

  • “संगठन किसी एक का नहीं”: विपिन गुप्ता ने योगेश शर्मा के आरोपों को बताया निराधार

हल्द्वानी: प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल किसी एक व्यक्ति विशेष का संगठन नहीं है, बल्कि इसमें सभी पार्टियों के लोग शामिल हैं।

विपिन गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुमित हिरदेश को भी आमंत्रित किया गया है, जो कांग्रेस पार्टी से हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि संगठन सभी को साथ लेकर चलता है।

24 साल से पद पर रहने संबंधी सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका तीसरा कार्यकाल है और संगठन ने उनकी क्षमताओं को देखते हुए अभी कार्य करने को कहा है, जिसे वे निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब संगठन आदेश देगा, वे पद मुक्त हो जाएंगे।

जिलाध्यक्ष ने आगे बताया कि 9 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद व्यापार मंडल स्वयं एक बड़ी कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा, जिसमें सारी बातें सार्वजनिक रूप से रखी जाएंगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” किया जाएगा।